महिला आरक्षण पर भाजपा भ्रम फैला रही, असली मंशा परिसीमन बिल पास कराने की थी – कांग्रेस

 


बैकुंठपुर (कोरिया), 20 अप्रैल 2026।

राजीव भवन कांग्रेस कार्यालय में आयोजित जिला स्तरीय पत्रकारवार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला आरक्षण के नाम पर देशभर में भ्रम फैला रही है, जबकि वास्तविकता यह है कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 संसद के दोनों सदनों से पारित होकर पहले ही कानून बन चुका है।

उन्होंने कहा कि 16 अप्रैल 2026 को केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत 131वां संविधान संशोधन विधेयक महिला आरक्षण से सीधे जुड़ा नहीं था, बल्कि इसके जरिए लोकसभा सीटों का परिसीमन बढ़ाकर 850 करने, 2011 की जनगणना को आधार बनाने तथा केंद्र शासित प्रदेशों के कानूनों में संशोधन का प्रस्ताव रखा गया था। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा महिला आरक्षण को “मुखौटा” बनाकर अपने अनुसार सीटों का परिसीमन करवाना चाहती थी, जिसे विपक्ष की एकजुटता ने विफल कर दिया।

पत्रकारवार्ता में यह भी कहा गया कि यदि सरकार की मंशा वास्तव में महिला आरक्षण लागू करने की होती, तो वह वर्तमान सदस्य संख्या में ही 33 प्रतिशत आरक्षण लागू कर सकती थी, लेकिन सरकार परिसीमन का इंतजार कर रही है। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि जब नई जनगणना प्रस्तावित है, तो 2011 के आंकड़ों के आधार पर परिसीमन क्यों किया जा रहा है।

कांग्रेस ने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक आरक्षण देने में पार्टी का इतिहास स्पष्ट रहा है। पंचायतों एवं नगरीय निकायों में महिलाओं को आरक्षण कांग्रेस की पहल से ही संभव हुआ, जिसके कारण आज देशभर में बड़ी संख्या में महिला जनप्रतिनिधि सक्रिय हैं।

अंत में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा की मंशा महिला सशक्तिकरण नहीं, बल्कि राजनीतिक लाभ के लिए परिसीमन कराना है, और इसी कारण वह महिला आरक्षण के मुद्दे पर देश में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है।

इस अवसर पर शैलेन्द्र सिंह, अजय सिंह, चंद्र प्रकाश राजवाड़े, राजीव गुप्ता, सौरभ गुप्ता, लवी गुप्ता सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।