गर्मी शुरू होते ही बिजली की आंख मिचौली शुरू! 10-12 बार गुल हुई सप्लाई, फ्लक्चुएशन से उपकरणों पर खतरा

 

कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में गर्मी की शुरुआत के साथ ही बिजली व्यवस्था लड़खड़ाने लगी है। मंगलवार सुबह से शाम तक शहर में लगभग 10 से 12 बार बिजली की आवाजाही बंद होने से लोग परेशान नजर आए। बार-बार बिजली आने-जाने और लगातार पावर फ्लक्चुएशन से आम नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

बिजली की इस आंख-मिचौली से जहां घरों में लगे पंखे, कूलर, फ्रिज, टीवी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के खराब होने का खतरा बना हुआ है, वहीं दुकानदारों और छोटे कारोबारियों की भी चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि गर्मी के दिनों में पहले से ही बिजली की मांग बढ़ जाती है, ऐसे में यदि यही हाल रहा तो आने वाले दिनों में परेशानी और बढ़ सकती है।

स्थानीय नागरिकों ने विभाग से मांग की है कि बिजली सप्लाई को स्थिर रखा जाए और बार-बार हो रही ट्रिपिंग व फ्लक्चुएशन की समस्या का जल्द समाधान किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।