सोनहत/कोरिया।
सोनहत थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसवार में अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। घटना 17-18 मार्च की दरमियानी रात की बताई जा रही है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम भैंसवार निवासी शिवशंकर जायसवाल अपने पूरे परिवार के साथ 17 मार्च की दोपहर करीब 3:30 बजे अपने पुत्र अंकित जायसवाल के सगाई कार्यक्रम में शामिल होने ग्राम बुढार गए हुए थे। देर रात करीब 12:50 बजे जब परिवार वापस लौटा, तो घर के पीछे का दरवाजा और अंदर का दरवाजा टूटा हुआ मिला।
घर के भीतर प्रवेश करने पर दो आलमारियां भी टूटी हुई मिलीं। प्रारंभिक जांच में करीब 50 हजार रुपये नगद और सोने का मंगलसूत्र सहित अन्य आभूषण गायब पाए गए, जिनकी कीमत लगभग 45 हजार रुपये आंकी गई। हालांकि, बाद में परिवार द्वारा गहन जांच करने पर चोरी की कुल रकम बढ़कर करीब 8 लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित शिवशंकर जायसवाल ने थाना सोनहत में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की है। चोरी के बाद से परिवार में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन घटना के तीन दिन बाद भी आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। वहीं, लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में पुलिस व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी देखने को मिल रही है।





Social Plugin