कोरिया जिले के बैकुंठपुर क्षेत्र में सरडी जूनापारा खेल मैदान को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। जिस मैदान को लेकर हाल ही में विधायक भैयालाल राजवाड़े का "खेल कर कोई नेशनल प्लेयर नहीं बन जाओगे" वाला बयान चर्चा में आया था, अब उसी मैदान में प्रस्तावित नर्सिंग कॉलेज निर्माण के विरोध में खिलाड़ी और ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंच गए।
ग्रामीणों और खिलाड़ियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि नर्सिंग कॉलेज का निर्माण खेल मैदान के बजाय किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर किया जाए। उनका कहना है कि यह मैदान पिछले 50 वर्षों से क्षेत्र के खिलाड़ियों का प्रमुख खेल केंद्र रहा है और यहां से कई खिलाड़ी जिला व राज्य स्तर तक पहुंचे हैं।
विरोध कर रहे युवाओं का आरोप है कि उनकी जायज मांग के बावजूद मैदान में कॉलेज और हॉस्टल निर्माण की तैयारी की जा रही है। खिलाड़ियों ने दावा किया कि उनके घरों तक पुलिस पहुंची और थाने से भी फोन कर बुलाया गया, लेकिन वे मैदान बचाने की मांग से पीछे नहीं हटेंगे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक भैयालाल राजवाड़े भी कलेक्ट्रेट पहुंचे और खिलाड़ियों से चर्चा की। वहीं कलेक्टर ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वे स्वयं प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण करेंगी।
ग्रामीणों ने चयनित स्थल की उपयुक्तता पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि स्थल मुख्य मार्ग से काफी अंदर है, पहुंच मार्ग, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। साथ ही अस्पताल से दूरी होने के कारण नर्सिंग छात्रों की पढ़ाई और प्रैक्टिकल प्रशिक्षण पर भी असर पड़ सकता है।
अब देखना होगा कि प्रशासन खिलाड़ियों के मैदान को बचाने की मांग पर क्या फैसला लेता है या फिर नर्सिंग कॉलेज के लिए नया विकल्प तलाशा जाता है।



Social Plugin