बैकुंठपुर/कोरिया। कोरिया जिले के फाटपानी गदबदी जंगल में अवैध महुआ शराब के निर्माण पर आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा की टीम ने ड्रोन कैमरे की मदद से छापेमार कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि कई आरोपी मौके से फरार हो गए।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि लंबे समय से जंगल क्षेत्र में महुआ शराब निर्माण की शिकायत मिल रही थी। आरोपियों के भाग जाने की संभावना को देखते हुए इस बार कार्रवाई से पहले ड्रोन कैमरे से पूरे इलाके की निगरानी की गई |
कार्रवाई के दौरान नीलकमल सिंह उर्फ नीलू सिंह और उसके साथी संतोष बरगाह को गिरफ्तार किया गया। नीलकमल सिंह के कब्जे से 55 लीटर महुआ शराब और 3500 किलो महुआ लाहन, जबकि संतोष बरगाह के पास से 25 लीटर महुआ शराब जब्त की गई।
दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 34(2) और 59(क) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय बैकुंठपुर में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में आबकारी और पुलिस टीम द्वारा की गई।


Social Plugin