बैकुंठपुर/सोनहत (कोरिया)। सोनहत विकासखंड के कटगोड़ी स्थित प्री-मैट्रिक आदिवासी छात्रावास में 11वीं कक्षा के एक छात्र द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने की घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। मृत छात्र की पहचान ग्राम बसेर निवासी सुरेश के रूप में हुई है, जो छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहा था।
घटना के बाद छात्रावास की व्यवस्थाओं को लेकर फिर से सवाल उठने लगे हैं। दरअसल करीब तीन सप्ताह पहले ही छात्रावास में रहने वाले कुछ छात्रों ने मीडिया के सामने यहां की अव्यवस्थाओं और कमियों को लेकर अपनी बात रखी थी। उस समय जिन छात्रों ने समस्याएं बताई थीं, उनमें मृतक छात्र सुरेश भी शामिल था।
छात्रों के अनुसार उस खबर के सामने आने के बाद भी छात्रावास की स्थिति जानने के लिए कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा और न ही व्यवस्थाओं को सुधारने को लेकर कोई ठोस पहल की गई।
इधर शुक्रवार रात छात्र द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना के बाद अब यह सवाल उठ रहा है कि आखिर किन परिस्थितियों में छात्र ने इतना बड़ा कदम उठा लिया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आत्महत्या के पीछे की असल वजह क्या है।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम छात्रावास पहुंची। मौके पर सोनहत एसडीएम, तहसीलदार संजय सिंह राठौर और थाना प्रभारी विनोद पासवान ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस छात्रावास में रहने वाले छात्रों के बयान दर्ज कर रही है और परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद छात्रावास में शोक का माहौल है, वहीं परिजन और स्थानीय लोग मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।



Social Plugin