पहली बारिश में ही खुली बैकुंठपुर नगरपालिका की पोल..सीएमओ के घर के पास ही सड़क बनी तालाब..मच्छरों का खतरा बढ़ा

 

पहली ही बारिश ने बैकुंठपुर नगर पालिका की तैयारियों की पोल खोलकर रख दी है। मुख्य मार्ग की सड़के पानी से लबालब भर गईं, मानो सड़क नहीं बल्कि तालाब बन गया हो। हैरानी की बात यह है कि यह हालात हाई स्कूल के सामने मुख्य मार्ग पर देखने को मिले, जहां से रोजाना सैकड़ों छात्र-छात्राएं और आम लोग गुजरते हैं।

बारिश के बाद सड़क पर जलभराव इतना ज्यादा हो गया कि लोगों का निकलना मुश्किल हो गया। जगह-जगह जमा पानी अब मच्छरों के पनपने का कारण बन सकता है, जिससे बीमारी फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मुख्य नगरपालिका अधिकारी का निवास इस जगह से महज 10 कदम की दूरी पर है, इसके बावजूद हालात बद से बदतर बने हुए हैं।

अब सवाल ये उठता है कि जब जिम्मेदारों के घर के पास ही ऐसी स्थिति है, तो शहर के बाकी इलाकों का हाल कैसा होगा? क्या नगर पालिका केवल कागजों में ही विकास दिखा रही है या जमीनी हकीकत भी सुधरेगी?