महतारी वंदन योजना में KYC के नाम पर वसूली? प्रति अपडेट 20 से 50 रुपए मांगने का आरोप

 

कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर के जूना पारा से महतारी वंदन योजना को लेकर गंभीर शिकायत सामने आई है। आरोप है कि KYC अपडेट करने के नाम पर महिलाओं से 20 रुपए से लेकर 50 रुपए तक की मांग की जा रही है। पार्षद संजय जायसवाल ने कंप्यूटर ऑपरेटर पर पैसे मांगने का आरोप लगाया है।

उन्होंने बताया कि जब उन्होंने संबंधित ऑपरेटर, जिसका नाम वसीम बताया जा रहा है, से पूछा कि क्या पैसे लेकर KYC करना अधिकृत है या यह सेवा निशुल्क है, तो कथित तौर पर जवाब मिला कि “जहां शिकायत करना है कर दीजिए।” इस जवाब के बाद अब पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है।

सवाल यह है कि गरीब और जरूरतमंद महिलाओं के लिए चलाई जा रही महतारी वंदन योजना में यदि KYC के नाम पर वसूली हो रही है, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या संबंधित विभाग इस मामले की जांच कर कार्रवाई करेगा, या फिर महिलाओं से ऐसे ही रकम वसूली जाती रहेगी?

फिलहाल विभाग की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है । अब देखना होगा कि महिला एवं बाल विकास विभाग इस शिकायत को कितनी गंभीरता से लेता है और दोषियों पर क्या कदम उठाता है।