कोरिया में अश्लील डांस वायरल होने के बाद रोजगार सहायक पर कार्यवाही...पद से हटाए गए

 


गरियाबंद और सूरजपुर के बाद अब कोरिया जिले से सामने आए नोट उड़ाने के मामले में प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। जिले के सोनहत विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पोड़ी में आयोजित पारंपरिक नाचा कार्यक्रम के दौरान एक सरकारी कर्मचारी द्वारा खुलेआम पैसे उड़ाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में ग्राम पंचायत पोड़ी में पदस्थ रोजगार सहायक जिंदर साय सोनवानी को मंच के सामने नोट उड़ाते हुए देखा गया, जिसके बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।

वीडियो वायरल होते ही कार्रवाई

मामला सामने आने के बाद सोनहत जनपद पंचायत ने तत्काल जांच शुरू की। जांच में यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के तहत कदाचरण माना गया। रोजगार सहायक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, लेकिन उसका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया।



सेवा से पृथक करने का आदेश

नोटिस के जवाब से असंतुष्ट जनपद पंचायत ने तत्काल प्रभाव से रोजगार सहायक को सेवा से पृथक करने का आदेश जारी कर दिया। यह कार्रवाई स्कूल परिसर में आयोजित नाचा कार्यक्रम के दौरान नोट उड़ाने के वायरल वीडियो के आधार पर की गई है।


जनभावनाओं को ठेस, सख्त संदेश

सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद आम लोगों और यूजर्स ने जांच व सख्त कार्रवाई की मांग की थी। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई को नियमों के पालन और अनुशासन बनाए रखने की दिशा में सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।


इस मामले में वीडियो वायरल होने के बाद जांच हुई और दोष सिद्ध पाए जाने पर रोजगार सहायक के खिलाफ कठोर कदम उठाया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक पद पर रहते हुए ऐसे कृत्यों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने