रोशनी के इंतजार में बैकुंठपुर, बंद स्ट्रीट लाइट से सड़कों पर पसरा अंधेरा


कोरिया। जिला मुख्यालय बैकुंठपुर की सड़कें इन दिनों अंधेरे में डूबी हुई हैं। नगर पालिका क्षेत्र के अधिकांश वार्डों में लगे स्ट्रीट लाइट बंद पड़े हैं, जिसकी वजह से रात में लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। मुख्य मार्ग हो या फिर अंदरूनी मोहल्ले, जगह-जगह अंधेरा पसरा हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रात में स्ट्रीट लाइट बंद रहने से राहगीरों को आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। बाइक सवार और पैदल चलने वाले लोग अंधेरे में गड्ढों और पत्थरों से चोटिल हो रहे हैं। इतना ही नहीं, अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व सक्रिय हो जाते हैं, जिससे चोरियों और अन्य आपराधिक घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।

रहवासियों का कहना है कि नगर पालिका को बार-बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक लाइट चालू नहीं की गई। वहीं व्यापारी वर्ग का कहना है कि अंधेरे की वजह से रात में दुकान बंद करने के बाद घर लौटना असुरक्षित हो गया है।

गौरतलब है कि नगर पालिका द्वारा हर साल लाखों रुपए स्ट्रीट लाइट की मरम्मत और बिजली बिल पर खर्च करता है, लेकिन धरातल पर इसका कोई असर नजर नहीं आ रहा। शहर की सड़कें अंधेरे में डूबी हैं और नगर पालिका जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए चुप्पी साधे बैठी है।

लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तुरंत बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कर उन्हें चालू कराया जाए, ताकि रात में शहर की सड़कें रोशन हो सकें और आमजन सुरक्षित महसूस कर सकें।