बिजली विभाग की लापरवाही से जनता बेहाल! बिना सूचना कटौती, दिनभर गुल बत्ती, हेल्पलाइन भी बेअसर

 

कोरिया जिले में बिजली विभाग की उदासीनता का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली सप्लाई बंद की जा रही है, जिससे लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। हालात ऐसे हैं कि रोजाना 8 से 10 बार पावर कट लगना आम बात हो गई है। बार-बार बिजली आने-जाने से लोगों के घरों के उपकरणों पर भी खतरा मंडरा रहा है।

जिला मुख्यालय बैकुंठपुर के कई इलाकों में लोग बिजली व्यवस्था से परेशान हैं, लेकिन शहर के बीचों-बीच स्थित भवानी तिग्गडा और महलपारा क्षेत्र के हाल सबसे ज्यादा खराब बताए जा रहे हैं। यहां बिना किसी सूचना के घंटों बिजली गुल रहती है, जिससे लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।

सबसे बड़ी समस्या यह है कि जब लोग शिकायत के लिए बिजली विभाग के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करने की कोशिश करते हैं, तब भी राहत नहीं मिलती। कई बार फोन लगाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिलता, कभी नंबर ही नहीं लगता और अगर कॉल लग भी जाए तो कई बार कोई फोन उठाने तक की जहमत नहीं उठाता। इससे लोगों की नाराजगी और बढ़ती जा रही है।

गर्मी के मौसम में जहां लोगों को पंखा, कूलर और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए बिजली की जरूरत होती है, वहीं लगातार कटौती ने लोगों की परेशानी दोगुनी कर दी है। बच्चों की पढ़ाई, बुजुर्गों की सेहत और रोजमर्रा के कामकाज पर भी इसका सीधा असर पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि मेंटेनेंस या अन्य कारणों से बिजली बंद करनी है तो विभाग को पहले सूचना देनी चाहिए, ताकि लोग अपनी व्यवस्था कर सकें। लेकिन बिना किसी जानकारी के अचानक बिजली गुल कर देना और शिकायत पर भी जवाब न देना विभाग की लापरवाही को दर्शाता है।

अब सवाल यह है कि आखिर जनता कब तक इस अव्यवस्था का सामना करती रहेगी और बिजली विभाग कब अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए लोगों को राहत देगा।