कोरिया जिले में लगातार जारी बिजली संकट को लेकर कांग्रेस ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। अघोषित कटौती, बार-बार ट्रिपिंग और घंटों बिजली गुल रहने से परेशान जनता के मुद्दे पर कांग्रेस ने बिजली विभाग और सरकार दोनों को घेरा है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि सरकार जनता पर स्मार्ट मीटर थोप रही है, लेकिन बिजली व्यवस्था पूरी तरह बदहाल है। अगर स्मार्ट मीटर लगाया जा रहा है तो सरकार को “स्मार्ट बिजली” भी देनी चाहिए। जनता बिल भर रही है, फिर भी उसे नियमित बिजली नहीं मिल पा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में बिना किसी सूचना के बिजली काट दी जाती है। गर्मी के इस मौसम में आम लोग, व्यापारी, छात्र, बुजुर्ग और मरीज सभी परेशान हैं। बार-बार बिजली जाने से लोगों के घरेलू उपकरण भी खराब होने का खतरा बना हुआ है।
प्रदीप गुप्ता ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सात दिनों के भीतर बिजली व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई, अघोषित कटौती बंद नहीं की गई और सप्लाई नियमित नहीं हुई, तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर चक्का जाम करेगी। साथ ही बिजली विभाग के कार्यालय का घेराव भी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज बनकर लड़ाई लड़ेगी और जब तक लोगों को राहत नहीं मिलेगी, आंदोलन जारी रहेगा। अब देखना यह होगा कि प्रशासन और बिजली विभाग चेतावनी को गंभीरता से लेते हैं या फिर जिले में आंदोलन की चिंगारी भड़कती है।

Social Plugin