कोरिया के आहान गुप्ता ने बढ़ाया जिले का मान, जांजगीर-चांपा शतरंज प्रतियोगिता में जीता खिताब

 

कोरिया/बैकुंठपुर: 19 अप्रैल 2026 को जांजगीर-चांपा में आयोजित वन डे रैपिड शतरंज प्रतियोगिता में कोरिया जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ी आहान गुप्ता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बालक वर्ग अंडर-10 समूह में सरगुजा के सर्वश्रेष्ठ जोनल खिलाड़ी का खिताब अपने नाम किया।

इस प्रतियोगिता में जांजगीर जिले के साथ-साथ राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के कई खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, लेकिन आहान ने अपने बेहतरीन खेल कौशल से सभी का ध्यान आकर्षित किया।

बता दें कि आहान गुप्ता इससे पहले भी बैकुंठपुर में आयोजित प्रतियोगिता में अंडर-7 बालक वर्ग में प्रथम स्थान हासिल कर चुके हैं। लगातार मिल रही सफलताएं उनके उज्जवल भविष्य की ओर इशारा कर रही हैं।

आहान की इस उपलब्धि का श्रेय उनके कोच अंजुम को दिया जा रहा है, जिनके मार्गदर्शन में उन्होंने यह मुकाम हासिल किया। साथ ही उनके माता-पिता विशाल गुप्ता एवं राखी गुप्ता और पूरे परिवार ने खुशी जताते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।