3 मई को NEET परीक्षा, बिजली संकट से अभ्यर्थियों की पढ़ाई प्रभावित... बैकुंठपुर में सुशासन दावों की खुली पोल

 

3 मई को होने वाली NEET परीक्षा से पहले बैकुंठपुर में बिजली संकट ने छात्रों और आम जनता की चिंता बढ़ा दी है। एक ओर 1 तारीख से सरकार सुशासन तिहार की तैयारी में जुटी है और सुशासन के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं... वहीं दूसरी ओर शहर में लगातार बिजली कटौती से लोग परेशान हैं।

बैकुंठपुर में इन दिनों बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराई नजर आ रही है। नए केबलों में आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिसके चलते 4 से 5 घंटे तक का पावर कट आम बात हो गई है।

सबसे ज्यादा परेशानी उन छात्रों को हो रही है, जिनकी 3 मई को NEET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा है। बिजली कटौती के कारण पढ़ाई बाधित हो रही है और अभ्यर्थियों में तनाव बढ़ता जा रहा है। वहीं शहर के भट्टीपारा इलाके में कल रात से बिजली गुल है, जो अब तक बहाल नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि सप्लाई आने में अभी और 4 से 5 घंटे लग सकते हैं।

इधर बैकुंठपुर से लगे देवरी क्षेत्र में भी सुबह से बिजली नहीं है, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लगातार बढ़ते बिजली संकट ने सरकार के सुशासन के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग कब तक इस समस्या का स्थायी समाधान निकालता है।