बैकुंठपुर शहर के बीचों बीच स्थित राम मंदिर तालाब में पसरी गंदगी, नगरपालिका पर उठ रहे सवाल..!!

 

बैकुंठपुर के हृदय स्थल राम मंदिर तालाब की तस्वीरें व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। छठ पूजा जैसे बड़े धार्मिक आयोजन के मुख्य केंद्र इस तालाब की सफाई नहीं हो पाई है। आस्था के इस केंद्र में पसरी गंदगी अब लोगों की मजबूरी बन गई है।

यह वही राम मंदिर तालाब है, जहां सालभर धार्मिक कार्यक्रम होते हैं… छठ पूजा, स्नान,घरों की शादी में मांगरमाटी और अन्य पूजा-पाठ के लिए बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचते हैं लोगों के लेकिन हैरानी की बात यह है कि छठ पूजा खत्म हुए कई दिन बीत चुके हैं, फिर भी तालाब की सफाई नहीं की गई है।

तालाब के पानी में कचरा, फूल-मालाएं और गंदगी तैरती नजर आ रही हैं… और इसी गंदगी के बीच लोग स्नान करने को मजबूर हैं… महिलाएं कपड़े धो रही हैं, पुरुष नहा रहे हैं… लेकिन सफाई का नामोनिशान नहीं हैl

सबसे बड़ी बात यह है कि तालाब के ठीक सामने ही नगर पालिका का डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन करने वाली महिलाओं का ठिकाना है… इसके बावजूद न तो उनकी नजर इस गंदगी पर पड़ी… और न ही जिम्मेदार अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लिया।

आस्था और परंपरा के इस पुश्तैनी तालाब की ऐसी बदहाल स्थिति कई सवाल खड़े करती है… क्या नगर पालिका को यह गंदगी नजर नहीं आ रही… या फिर जानबूझकर अनदेखी की जा रही है… अब देखना होगा कि खबर के बाद जिम्मेदार जागते हैं या फिर यूं ही आस्था का यह केंद्र गंदगी में डूबा रहेगा।