पूर्व नपा अध्यक्ष तीरथ गुप्ता के नाम का बोर्ड एक साल तक टूटा रहा, उपाध्यक्ष ने उठाए सम्मान पर सवाल

 

बैकुंठपुर। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष स्वर्गीय तीरथ गुप्ता, जिन्हें बैकुंठपुर शहर के विकास की नई दिशा देने वाला “विकास पुरुष” कहा जाता है, उनके नाम पर परिषद द्वारा नामित कॉम्प्लेक्स का बोर्ड पिछले लगभग एक वर्ष से टूटी हालत में पड़ा था। अब इस मुद्दे ने स्थानीय राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है।

नगरपालिका उपाध्यक्ष आशीष यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दावा किया कि तीरथ गुप्ता के नाम का बोर्ड लंबे समय से क्षतिग्रस्त और बंद पड़ा था, लेकिन इस ओर न किसी जनप्रतिनिधि का ध्यान गया और न ही जिम्मेदारों ने कोई पहल की। उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में शहर में बड़े स्तर पर सजावट और चौक-चौराहों के सुधार कार्य हुए, लेकिन “विकास पुरुष” के नाम का सम्मान याद नहीं किया गया।

उपाध्यक्ष के अनुसार, उन्होंने और उनके पार्षदों ने मिलकर बोर्ड को दोबारा बनवाया। उनका कहना है कि यह सिर्फ एक बोर्ड की मरम्मत नहीं, बल्कि उन दावों की सच्चाई सामने लाने की कोशिश है, जिनमें मंच से तीरथ गुप्ता को सम्मान देने की बात कही जाती है, लेकिन जमीन पर उनकी स्मृति उपेक्षित रहती है।

उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि सम्मान केवल शब्दों से नहीं, बल्कि जिम्मेदारी निभाने से मिलता है।

इस मामले को लेकर स्थानीय राजनीतिक माहौल गर्माने की संभावना है, वहीं अब यह देखना होगा कि संबंधित जनप्रतिनिधि और प्रशासन इस मुद्दे पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं।