बजट में कोरिया को ‘झुनझुना’? सड़क चौड़ीकरण पर चुप्पी, पूर्व एल्डरमैन का अनोखा विरोध

 

छत्तीसगढ़ सरकार का वर्ष 2025-26 का ₹1,72,000 करोड़ का बजट विधानसभा में वित्त मंत्री ओम प्रकाश चौधरी द्वारा पेश किया गया। प्रदेशभर में बजट को लेकर उम्मीदें थीं, लेकिन कोरिया जिले के बैकुंठपुरवासियों को इस बार मायूसी हाथ लगी।

जमगहना से लेकर खरवत मार्ग तक लंबे समय से प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण को लेकर किसी भी प्रकार की घोषणा नहीं की गई। जबकि इस सड़क के चौड़ीकरण की मांग को लेकर स्थानीय युवा लंबे समय से संघर्षरत रहे हैं। आए दिन जाम और दुर्घटनाओं की आशंका के बीच लोगों को उम्मीद थी कि इस बजट में कोई ठोस घोषणा होगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

सड़क चौड़ीकरण पर चुप्पी, लोगों में आक्रोश

बैकुंठपुर शहर की मुख्य सड़क संकरी होने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित रहती है। व्यापारियों, छात्रों और आम नागरिकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता है। बजट में इस मुद्दे की अनदेखी से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

स्थानीय युवाओं का कहना है कि जब प्रदेश के अन्य जिलों के लिए बड़े-बड़े प्रावधान किए जा सकते हैं, तो कोरिया जिले को नजरअंदाज क्यों किया गया?

पूर्व एल्डरमैन का अनोखा विरोध

इसी नाराजगी के बीच पूर्व एल्डरमैन मा. माझी ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाया। उन्होंने झुनझुना बजाकर कटाक्ष करते हुए कहा कि “बजट में कोरिया जिले को सिर्फ झुनझुना थमा दिया गया है।”

इतना ही नहीं, उन्होंने स्पीड पोस्ट के माध्यम से स्थानीय ।विधायक को झुनझुना भेजने की बात कही। उनका कहना है कि यह प्रतीकात्मक विरोध है, जो दर्शाता है कि जिले की अपेक्षाओं के साथ खिलवाड़ किया गया है।

राजनीतिक माहौल गर्म

बजट के बाद से कोरिया जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। विपक्ष इसे जिले की उपेक्षा बता रहा है, वहीं सत्तापक्ष विकास कार्यों का हवाला दे रहा है। वही क्षेत्र के विधायक भैयालाल राजवाड़े भी कई बार चौड़ीकरण कराने की बात कह चुके हैं लेकिन सरकार की मंशा चौड़ीकरण की दिखाई नहीं पड़ रही है..।

अब देखना यह होगा कि सरकार भविष्य में सड़क चौड़ीकरण जैसी महत्वपूर्ण मांगों पर कोई स्पष्ट घोषणा करती है या नहीं।