कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। एक तरफ जहां मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान तेज कर दिया गया है, वहीं दूसरी ओर शहर की मूलभूत सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई नजर आ रही है
शहर के रामानुज स्कूल के बगल में नालियां पूरी तरह जाम पड़ी हुई हैं। हालत यह है कि नालियों में पानी और गंदगी सड़कर जमा है, जिससे करीब सैकड़ों मीटर तक तेज बदबू फैल रही है। आसपास रहने वाले लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नालियों की सफाई लंबे समय से नहीं हुई है। गंदा पानी नाली में भरा होने से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ने लगा है, जिससे बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। स्कूल के आसपास इस तरह की गंदगी होने से बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर भी अभिभावकों में चिंता है।
लोगों में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि नगर पालिका गरीब ठेला-खोमचा संचालकों पर सख्ती दिखा रही है, लेकिन शहर की जमीनी समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दे रही। उनका कहना है कि सिर्फ “दिखावटी सफाई” और अतिक्रमण हटाने से शहर साफ नहीं होता, जब तक नालियों और कचरे की नियमित सफाई न हो।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से तत्काल नालियों की सफाई कराने, कीटनाशक छिड़काव कराने और इलाके में स्वच्छता व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
बड़ा सवाल: क्या वीआईपी दौरे से पहले सिर्फ सड़क किनारे दिखने वाली चीज़ें हटाना ही सफाई है, या फिर गंदगी की जड़ पर भी काम होगा?

Social Plugin