नगरपालिका का अजब- गजब निर्माण — टेढ़ी नाली देख लोग हैरान, अधिकारी की निगरानी पर सवाल

 

कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में नगरपालिका के काम एक बार फिर विवादों में हैं। बाईसागर इलाके में तेरापंथ भवन के पीछे बनाई गई नाली अपनी बनावट को लेकर चर्चा का विषय बन गई है। हैरानी की बात यह है कि जहां नाली को सीधा बनाया जा सकता था, वहां उसे टेढ़ा-मेढ़ा बना दिया गया है। अब इस ‘अनोखी इंजीनियरिंग’ को लेकर नगरपालिका के इंजीनियरों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

बैकुंठपुर नगरपालिका पहले भी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर कई बार सुर्खियों में रही है। लगातार खबरों के प्रकाशन और शिकायतों के बावजूद ठोस कार्रवाई न होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ताजा मामला बाईसागर स्थित तेरापंथ भवन के पीछे बनी इस नाली का है, जिसका आकार देखकर लोग हैरान हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्याप्त जगह होने के बावजूद नाली को सीधा बनाने के बजाय टेढ़ा बनाया गया, जिससे निर्माण की गुणवत्ता और योजना पर सवाल खड़े हो रहे हैं। 

इस पूरे मामले में मुख्य नगरपालिका अधिकारी की निगरानी भी सवालों के घेरे में है। सवाल उठ रहा है कि क्या सीएमओ कभी फील्ड निरीक्षण करते हैं या नहीं… क्योंकि इस तरह के नमूना निर्माण कार्य खुलेआम सामने आ रहे हैं।

नगरपालिका की इस ‘अनोखी इंजीनियरिंग’ को देखकर लोग तंज कस रहे हैं कि ऐसी डिजाइन देखकर अमेरिका और यूरोप के इंजीनियर भी शर्मिंदा हो जाएं। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारियों पर कोई कार्रवाई होती है या यह मामला भी कागजों तक ही सीमित रह जाता है। फिलहाल यह टेढ़ी नाली बैकुंठपुर नगरपालिका की कार्यशैली पर बड़ा सवाल बनकर खड़ी है… और जनता जवाब का इंतजार कर रही है।