एनएच–43 किनारे बिना अनुमति बीएसएनएल पाइपलाइन? रात में खुदाई, सुरक्षा पर बड़ा सवाल

 

कोरिया । राष्ट्रीय राजमार्ग–43 से होकर बैकुंठपुर की ओर बीएसएनएल की पाइपलाइन बिछाने का काम इन दिनों विवादों में है। स्थानीय स्तर पर आरोप है कि यह कार्य बिना विधिवत अनुमति के कराया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि जब एनएचएआई से जुड़े अधिकारियों से जानकारी ली गई तो उन्होंने ऐसी किसी अनुमति से अनभिज्ञता जताई।

जानकारी के अनुसार, सड़क के एक ओर गैस पाइपलाइन बिछाने का कार्य विभागीय अनुमति के साथ किया जा रहा है, लेकिन दूसरी ओर बीएसएनएल की पाइपलाइन डालने का काम भी साथ-साथ चल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह खुदाई अधिकतर रात के समय की जाती है, जबकि दिन में काम बंद रहता है।

मौके पर मौजूद मुंशी से अनुमति के संबंध में पूछे जाने पर वह कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके और ठेकेदार से संपर्क करने की बात कही। संबंधित कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड यानी बीएसएनएल बताई जा रही है।

सबसे बड़ी चिंता सुरक्षा को लेकर सामने आ रही है। यदि बिना अनुमति और बिना पर्याप्त संकेतकों के खुदाई हो रही है तो सड़क हादसे की आशंका बढ़ जाती है। नियमों के अनुसार कार्य स्थल पर चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था अनिवार्य होती है, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को पहले से जानकारी मिल सके।

लेकिन यहां ऐसे इंतजाम नजर नहीं आ रहे। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि यदि कोई दुर्घटना होती है तो जिम्मेदारी किसकी होगी?

स्थानीय नागरिकों ने मामले की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।