मुख्यमंत्री के स्वागत में चमकती सड़कें, लेकिन वार्डों में गंदगी का अंबार... नगरपालिका की कार्यशैली पर प्रश्न चिन्ह..!!

 

बैकुंठपुर नगर पालिका की सफाई व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। आश्रय स्थल के ठीक सामने गंदगी का अंबार लगा हुआ है, लेकिन नगर पालिका की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही। हैरानी की बात यह है कि नगर पालिका में करीब 100 सफाई कर्मचारी होने के बावजूद शहर के कई वार्डों और गलियों में गंदगी का जमावड़ा बना हुआ है।

आज कोरिया जिले में मुख्यमंत्री का आगमन प्रस्तावित है। ऐसे में प्रशासन मुख्य मार्गों को चमकाने में जुटा हुआ है, लेकिन वार्डों की गलियों की बदहाल स्थिति जस की तस बनी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सिर्फ वीआईपी मार्गों की सफाई कर दिखावे की व्यवस्था की जा रही है, जबकि आम जनता रोजाना गंदगी और बदबू से जूझने को मजबूर है।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जहां गंदगी का अंबार लगा है, वहां से महज करीब 200 मीटर की दूरी पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी का सरकारी आवास भी स्थित है। इसके बावजूद सफाई व्यवस्था की अनदेखी लोगों में नाराजगी और प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल खड़े कर रही है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारी के घर के आसपास ही यह हाल है, तो शहर के बाकी हिस्सों की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।

अब सवाल यह है —

क्या सफाई सिर्फ वीआईपी दौरे तक सीमित रहेगी?

क्या वार्डों में रहने वाले लोगों को स्वच्छ वातावरण का अधिकार नहीं?

और आखिर नगर पालिका कब जागेगी?