सात वर्षों से जारी सेवा की परंपरा — महाशिवरात्रि पर शिव सेवा शक्ति समिति द्वारा प्रेमाबाग में भव्य महा भंडारा

 

बैकुंठपुर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर बैकुंठपुर में श्रद्धा, भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। शहर के प्रेम बाग में शिव शक्ति सेवा समिति द्वारा लगातार सातवें वर्ष भव्य महा भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रेमाबाग स्थित प्रेमशंकर महादेव मंदिर में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। दूर-दराज के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में भक्ति गीतों और जयकारों से पूरा वातावरण शिवमय हो गया।

इसी क्रम में शिव शक्ति सेवा समिति द्वारा आयोजित महा भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। समिति के सदस्यों और स्वयंसेवकों ने पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ सेवा करते हुए श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि समाज सेवा और भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह आयोजन पिछले सात वर्षों से निरंतर किया जा रहा है और आगे भी यह सेवा जारी रहेगी।

महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर प्रेम बाग में उमड़ी आस्था की भीड़ ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बैकुंठपुर में धार्मिक परंपराएं आज भी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ जीवित हैं।