नगरपालिका कार्यालय के नीचे महिलाओं के शौचालय में नहीं दरवाजे..महिलाएं परेशान... नगरपालिका की बड़ी लापरवाही

 

बैकुंठपुर नगरपालिका की बड़ी लापरवाही सामने आई है, जहां नगरपालिका कार्यालय के नीचे बनाए गए महिलाओं के एकमात्र सार्वजनिक शौचालय में दरवाजे ही नहीं लगाए गए हैं। ऐसे में शौचालय का उपयोग करने में महिलाओं को भारी असहजता का सामना करना पड़ रहा है।

नगरपालिका कार्यालय के नीचे बनाया गया यह महिलाओं का शौचालय आसपास के क्षेत्र का एकमात्र सार्वजनिक शौचालय बताया जा रहा है, लेकिन यहां बुनियादी सुविधाओं का ही अभाव है। शौचालय में दरवाजे नहीं होने के कारण महिलाओं की निजता प्रभावित हो रही है,जिससे वे इसका उपयोग करने से भी कतराने लगी हैं। दरवाजे कई महीने से टूट कर पड़े हैं लेकिन अधिकारी यही से निकल कर भी इन्हें नजर अंदाज कर देते हैं.. 


स्थानीय महिलाओं का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक नगरपालिका प्रशासन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया है। महिलाओं ने जल्द से जल्द शौचालय में दरवाजे लगवाने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।

एक ओर सरकार स्वच्छता और महिला सम्मान को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं जमीनी स्तर पर ऐसी व्यवस्थाएं प्रशासनिक दावों की पोल खोलती नजर आ रही हैं। अब देखना होगा कि खबर सामने आने के बाद नगरपालिका प्रशासन इस समस्या को कब तक दूर करता है। अधिकारी तो कुछ भी कहने से बचते नजर आ रहे हैं।