जनपद पंचायत बैकुंठपुर के सभा भवन में महिला उद्यम प्रशिक्षुओं के लिए एक प्रेरणादायी जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम CSIDC Raipur के बैनर तले Choice Consultancy Services Private Limited द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें Just Rights for Children, जिला बाल संरक्षण इकाई, जिला प्रशासन तथा Holistic Action Research and Development (HARD) संस्था का संयुक्त सहयोग रहा।
केंद्र सरकार की रैंप (RAMP) योजना अंतर्गत आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं युवाओं को स्वरोजगार, उद्यमिता तथा सामाजिक जागरूकता से जोड़ना था। कार्यक्रम में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) से संबंधित हितग्राहियों को स्वरोजगार के विविध अवसरों, सरकारी योजनाओं एवं उद्यम स्थापना की प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण के दौरान स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया गया। महुआ, तेंदूपत्ता, शहद प्रसंस्करण तथा फूड प्रोसेसिंग जैसे वनांचल आधारित रोजगार विकल्पों पर विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए प्रतिभागियों को आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर मास्टर ट्रेनर रेविका उपाध्याय एवं HARD संस्था के प्रतिनिधि गोकरण शुक्ला ने प्रतिभागियों को केंद्र एवं राज्य शासन की योजनाओं, सब्सिडी प्रावधान, ईडीपी प्रशिक्षण, कौशल विकास, मार्केटिंग रणनीति तथा उद्यम पंजीयन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दीं।
कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा “बाल विवाह मुक्त भारत अभियान” के प्रति जागरूकता रहा। प्रतिभागियों को बाल विवाह, बाल श्रम, पलायन, बाल यौन शोषण एवं महिला उत्पीड़न जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति संवेदनशील बनाते हुए उन्हें जागरूक नागरिक की भूमिका निभाने का संदेश दिया गया। इस दौरान उपस्थित प्रशिक्षुओं को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की शपथ दिलाई गई तथा वचनपत्र भी भरवाए गए।
साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 1090 एवं पुलिस हेल्पलाइन 100/112 की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर इन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में पीएमएफएमई योजना अंतर्गत हितग्राहियों को आवेदन प्रक्रिया की जानकारी एवं आवश्यक सहयोग भी प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

Social Plugin