बैकुंठपुर। प्रशासन द्वारा शहर में सरकारी संपत्तियों पर अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एक महत्वपूर्ण कार्रवाई की गई। एसडीएम उमेश पटेल के नेतृत्व में टीम गठित कर शहर स्थित एक सरकारी बंगले को खाली करवाया गया।
जानकारी के अनुसार, संबंधित व्यक्ति को पूर्व में कई बार नोटिस जारी कर आवास खाली करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन समय सीमा बीतने के बावजूद मकान खाली नहीं किया गया। इसके बाद प्रशासन ने अंतिम कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर बंगले को अपने कब्जे में ले लिया।
इस दौरान राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौजूद रही, जिससे कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा सकी। प्रशासन का कहना है कि सरकारी संपत्तियों पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।
वहीं, जिस व्यक्ति पर कब्जे का आरोप है, उन्होंने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि उनके खिलाफ यह कार्रवाई द्वेष और पूर्वाग्रह के तहत की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में आधा दर्जन से अधिक सरकारी आवासों पर अन्य अधिकारी-कर्मचारियों और उनके परिजनों द्वारा भी अवैध कब्जा किया गया है, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी आवासों से जुड़ी निस्तार भूमि पर भी कई जगहों पर अवैध कब्जे हैं, जिन्हें प्रशासन नजरअंदाज कर रहा है। उनके मुताबिक, उन्हें जानबूझकर निशाना बनाकर यह कार्रवाई की गई है।
फिलहाल, इस मामले को लेकर शहर में चर्चा का माहौल बना हुआ है और लोगों की नजर अब प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Social Plugin