आंगनबाड़ी में लापरवाही: गणतंत्र दिवस के बाद भी नहीं उतारा गया तिरंगा

 

कोरिया - पोड़ी बचरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत जिल्दा स्थित पथरापारा आंगनबाड़ी केंद्र में राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। गणतंत्र दिवस पर फहराया गया तिरंगा झंडा निर्धारित नियमों के अनुसार सूर्यास्त के बाद नहीं उतारा गया, बल्कि 27 जनवरी की सुबह करीब 8:30 बजे तक आंगनबाड़ी परिसर में लहराता पाया गया।

सुबह जब स्थानीय ग्रामीणों की नजर झंडे पर पड़ी तो उन्होंने इस पर आपत्ति जताई और इसे राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के विरुद्ध बताया। ग्रामीणों की सूचना पर आंगनबाड़ी सहायिका मौके पर पहुंचीं और झंडे को उतारा गया। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पति को फोन के माध्यम से इस लापरवाही की जानकारी दी गई। उन्होंने जवाब में कहा कि सहायिका को झंडा उतारने के लिए कहा गया था, यदि नहीं उतारा गया तो यह गलत है, वे तुरंत किसी को भेज रहे हैं।



ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल एक औपचारिक चूक नहीं, बल्कि राष्ट्रीय प्रतीक के प्रति गैरजिम्मेदाराना रवैये को दर्शाता है। उनका आरोप है कि जब आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका राष्ट्रीय ध्वज जैसे सम्मानित प्रतीक के प्रति गंभीर नहीं हैं, तो बच्चों की देखरेख और जिम्मेदारियों को लेकर उनकी संवेदनशीलता पर भी सवाल उठना स्वाभाविक है।



ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मामले की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसी लापरवाही पर केवल चेतावनी नहीं, बल्कि कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से जुड़ी इस प्रकार की घटनाएं दोबारा न हों।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने