बैकुंठपुर। जिला अस्पताल बैकुंठपुर में अब गंदगी फैलाने वालों पर सख्ती शुरू हो गई है। अस्पताल परिसर की दीवारों और कोनों में तंबाखू व गुटखा खाकर थूकने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद अस्पताल प्रबंधन ने कड़ा कदम उठाया है।
सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक आयुष जायसवाल के निर्देश पर अस्पताल के मुख्य द्वार पर विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अस्पताल में प्रवेश करने वाले मरीजों के परिजनों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान जिन लोगों के पास गुटखा या तंबाखू के पाउच मिल रहे हैं, उन्हें मौके पर ही जब्त कर डस्टबिन में नष्ट किया जा रहा है।
अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि कई बार समझाइश के बाद भी लोग अस्पताल परिसर में तंबाखू उत्पादों का सेवन कर गंदगी फैला रहे थे, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी हो रही थी। खासकर वार्डों के बाहर और सीढ़ियों के पास गुटखे की पीक मिलने की शिकायतें बढ़ गई थीं।
अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा। साथ ही अस्पताल आने वाले सभी लोगों से अपील की गई है कि वे परिसर को स्वच्छ रखने में सहयोग करें और तंबाखू-गुटखा का सेवन अस्पताल परिसर में बिल्कुल न करें।
अस्पताल प्रबंधन का मानना है कि स्वच्छ वातावरण मरीजों के स्वास्थ्य सुधार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, इसलिए साफ-सफाई से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

