सड़क पर साप्ताहिक बाजार, शहर जाम — नगरपालिका बेपरवाह...लोगों में आक्रोश

 

जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में हर रविवार लगने वाला साप्ताहिक बाजार अब लोगों के लिए सुविधा कम और सिरदर्द ज्यादा बनता जा रहा है। सड़क पर लगने वाले बाजार और पर्याप्त पार्किंग न होने के कारण शहर की मुख्य सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग रहा है। हैरानी की बात यह है कि नई सब्जी मंडी मौजूद होने के बावजूद उसका उपयोग नहीं किया जा रहा। नगरपालिका की उदासीनता का खामियाजा आम जनता भुगत रही है।


कोरिया जिले के बैकुंठपुर शहर में रविवार का दिन अब बाजार से ज्यादा जाम के लिए जाना जाने लगा है। शहर में लगने वाला साप्ताहिक बाजार सड़क पर ही सज जाता है। सड़क किनारे सब्जी और अन्य दुकानों की कतारें लग जाती हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है। वही नहीं बनी सब्जी मंडी खाली पड़ी है और वहां मवेशी आराम फरमाते नजर आ रहे हैं


लोग अपनी गाड़ियां सड़क पर ही खड़ी कर खरीदारी करने निकल जाते हैं। नतीजा — गाड़ी चौक से लेकर पैलेस जूनापारा तक वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। राहगीरों, स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि अगर इसी जाम में कोई एंबुलेंस फंस जाए तो स्थिति कितनी भयावह हो सकती है, इसका अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।



नगरपालिका द्वारा बनाई गई सब्जी मंडी पूरी तरह खाली पड़ी है, लेकिन बाजार फिर भी सड़क पर ही लगाया जा रहा है। सवाल उठता है कि जब व्यवस्था मौजूद है तो उसका उपयोग क्यों नहीं कराया जा रहा?

सवाल साफ है — क्या नगरपालिका किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रही है? जब सब्जी मंडी बनी हुई है तो सड़क पर बाजार लगाने की अनुमति क्यों? जब तक प्रशासन सख्ती नहीं दिखाएगा, तब तक हर रविवार बैकुंठपुर की सड़कों पर यही जाम और अफरातफरी देखने को मिलती रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने