प्रतीक्षा बस स्टैंड की बदहाली: नगरपालिका की लापरवाही से यात्री बेहाल...100 से ज्यादा कर्मचारी फिर भी नहीं सफाई


छत्तीसगढ़ के बैकुंठपुर स्थित जिला मुख्यालय का प्रतीक्षा बस स्टैंड इन दिनों भारी बदहाली का शिकार है। यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए प्रतीक्षालय की हालत इतनी खराब है कि वहां बैठना तो दूर, खड़ा रहना भी मुश्किल हो गया है। चारों ओर गंदगी फैली हुई है और बैठने की जगहों पर मवेशियों का कब्जा है


गंदगी और दुर्गंध से यात्री परेशान

प्रतीक्षालय के भीतर सफाई का नामोनिशान नहीं है। मवेशियों के जमावड़े के कारण बदबू और गंदगी का आलम है। यात्री मजबूरन खुले में धूप और धूल के बीच बैठकर बसों का इंतजार कर रहे हैं।

पीने के पानी की व्यवस्था ध्वस्त

बस स्टैंड पर पीने के पानी की सुविधा पूरी तरह चौपट हो चुकी है। पानी की टंकी टूटी पड़ी है और नलों की टोटियां तक गायब हैं। यात्रियों, खासकर बच्चों और बुजुर्गों, को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है।


जर्जर छत, हादसे का खतरा

प्रतीक्षालय की छत कई जगह से उखड़ चुकी है। छत के टुकड़े नीचे गिर रहे हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बावजूद मरम्मत की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।


शोपीस बने टीवी, दीवारों पर गंदगी

यात्रियों के मनोरंजन के लिए लगाए गए टीवी लंबे समय से बंद पड़े हैं। दीवारों पर पान की पीक और गंदगी साफ नजर आती है। यह हाल तब है जब शहर में स्वच्छता को लेकर लगातार अभियान चलाए जाते हैं।


सवालों के घेरे में नगरपालिका

एक ओर स्वच्छ भारत मिशन का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर जिला मुख्यालय का प्रमुख बस स्टैंड ही गंदगी और अव्यवस्था की मिसाल बना हुआ है। जिम्मेदार विभाग की उदासीनता साफ झलकती है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन कब जागता है और यात्रियों को बुनियादी सुविधाएं कब तक नसीब हो पाती हैं। फिलहाल, बस स्टैंड की यह स्थिति नगर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने