कोरिया जिले के रनई गांव में 15 वर्षीय नाबालिग रितेश सिंह की मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। यह मामला 4 जनवरी 2026 की रात का है, जब रितेश अपने जन्मदिन के मौके पर दोस्तों के साथ बैकुंठपुर के झुमका डेम गया था। पार्टी के दौरान सभी दोस्तों ने शराब का सेवन किया।
पुलिस के अनुसार, पार्टी के बाद पटना पहुंचने पर आरोपी विद्याचंद्र साहू ने दोबारा शराब खरीदी और पी। इसी दौरान रितेश ने आरोपी का मोबाइल फोन उठाकर उसके पिता को यह बता दिया कि वह पटना में है। इस बात से आरोपी इतना भड़क गया कि दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद रितेश पैदल अपने घर की ओर निकल पड़ा।
आरोप है कि आरोपी ने जानबूझकर अपनी सूमो वाहन को बाईं ओर मोड़ते हुए रितेश को जोरदार टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल रितेश को उसके दोस्तों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हैरानी की बात यह रही कि चारों दोस्त शव को अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए।
एसडीओपी राजेश साहू द्वारा की गई पूछताछ में पूरे मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने एसटी-एससी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


Social Plugin