छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को देश-दुनिया तक पहुँचाने वाला तातापानी महोत्सव 2026 तीन दिवसीय भव्य आयोजन के साथ सफलता पूर्वक संपन्न हो गया। जिला प्रशासन बलरामपुर द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित महोत्सव का शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के करकमलों से हुआ, जिसने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
लोकसंस्कृति, संगीत और कला का अद्भुत संगम
महोत्सव के तीनों दिनों में लोकसंस्कृति, संगीत और कला का शानदार संगम देखने को मिला। बॉलीवुड, भोजपुरी और छत्तीसगढ़ी संगीत जगत के नामचीन कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से हजारों दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में बॉलीवुड के लोकप्रिय गायक आदित्य नारायण, भोजपुरी सुपरस्टार रितेश पांडे और पद्मश्री से सम्मानित छत्तीसगढ़ी कलाकार अनुज शर्मा की प्रस्तुतियाँ विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।
आयुष नामदेव ने बांधा समां
इसी कड़ी में कोरिया जिले के गौरव, युवा गायक आयुष नामदेव ने अपनी ऊर्जावान और सशक्त प्रस्तुति से महोत्सव को नई ऊँचाइयों पर पहुँचा दिया। अंतिम दिवस पर सियाधेश म्यूजिक बैंड, रायपुर के साथ मंच साझा करते हुए आयुष नामदेव ने ऐसा समां बांधा कि देर रात तक हजारों दर्शक झूमते नजर आए। उनकी दमदार गायकी, प्रभावशाली मंच उपस्थिति और दर्शकों से सीधा संवाद उन्हें युवाओं के साथ-साथ हर वर्ग का चहेता बना रहा है।
दर्शकों ने की जमकर सराहना
महोत्सव में उपस्थित हजारों दर्शकों ने सभी कलाकारों की प्रस्तुतियों की मुक्त कंठ से सराहना की और ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों को निरंतर आयोजित किए जाने की आवश्यकता जताई।

Social Plugin