संवेदनशील जिल्दा धान खरीदी केंद्र में नियमों की खुलेआम अनदेखी, किसानों से जबरन अतिरिक्त तौल.. प्रबंधक ने कहा मुझे नहीं मालूम

 

जनवरी 20, 2026

कोरिया जिले के धान खरीदी केंद्र जिल्दा में शासन के स्पष्ट निर्देशों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। शासन द्वारा अवैध हमाली और अतिरिक्त तौल पर सख्त रोक लगाए जाने के बावजूद यहां किसानों से तय मात्रा से अधिक धान लिया जा रहा है, जिससे किसानों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।

किसानों का आरोप है कि शासन के निर्देशानुसार एक बोरी में 40 किलो 700 ग्राम धान ही लिया जाना है, लेकिन जिल्दा धान खरीदी केंद्र में किसानों से जबरन 41 किलो 200 ग्राम तक धान भरवाया जा रहा है। नियमों के खिलाफ हो रही इस अतिरिक्त तौल से किसानों को सीधा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

हैरानी की बात यह है कि खबर सामने आने के बावजूद नोडल अधिकारी और प्रशासन आंख मूंदे बैठे हैं। अब तक न तो किसी प्रकार की जांच शुरू की गई है और न ही दोषियों पर कोई कार्रवाई की गई है।

स्थानीय किसानों का कहना है कि शिकायत करने के बावजूद उनकी बात नहीं सुनी जा रही, जिससे यह संदेह और गहरा हो गया है कि क्या पूरे मामले में जिम्मेदार अधिकारियों की मौन सहमति है।

अब बड़ा सवाल यह है कि शासन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद जिल्दा धान खरीदी केंद्र में हो रही इस लूट पर प्रशासन कब कार्रवाई करेगा, या फिर किसान यूं ही व्यवस्था की मार झेलते रहेंगे।