नहीं थम रहे सड़क हादसे...कोरिया जिले में दर्दनाक सड़क हादसा, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर

कोरिया जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सोनहत से करीब 9 किलोमीटर आगे तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे माइल स्टोन से जा टकराई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों युवक मनेन्द्रगढ़ से सोनहत के वॉचिंग टावर होते हुए बालमगढ़ी घूमने गए थे। वहां से लौटते समय वॉचिंग टावर के आगे उनकी बाइक अचानक असंतुलित हो गई और “रामगढ़ 29 किमी” लिखे माइल स्टोन से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

वहीं गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक को तत्काल सोनहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।