कोरिया। ग्राम पंचायत तलवापारा में 77 वां गणतंत्र दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सरपंच देविदयाल, नवनियुक्त ग्राम पंचायत सचिव रामभजन तिग्गा, उपसरपंच तथा समस्त ग्रामवासियों की उपस्थिति में तिरंगा झंडा फहराया गया। राष्ट्रीय ध्वज के आरोहण के साथ राष्ट्रगान किया गया और कार्यक्रम शांतिपूर्ण व सफल रूप से संपन्न हुआ। ग्रामीणों ने संविधान के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया। गणतंत्र दिवस समारोह के साथ ही ग्राम पंचायत तलवापारा में प्रशासनिक स्तर पर एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम भी सामने आया, जिसे खबर का बड़ा असर माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि 3 नवंबर 2025 को ग्राम पंचायत सचिव का स्थानांतरण किया गया था। शासन के नियमानुसार स्थानांतरण के उपरांत एक सप्ताह के भीतर पदभार ग्रहण किया जाना अनिवार्य होता है, लेकिन लगभग ढाई माह बीत जाने के बावजूद संबंधित सचिवों द्वारा पदभार ग्रहण नहीं किया गया था। इससे पंचायत के नियमित कार्य प्रभावित हो रहे थे और ग्रामीणों में असंतोष बढ़ रहा था। इस लापरवाही को लेकर लगातार खबरें प्रकाशित की गईं। इसी क्रम में रविवार 25 जनवरी 2026 को ग्राम पंचायत तलवापारा में आयोजित ग्राम सभा का ग्रामीणों द्वारा बहिष्कार किया गया, जिसकी खबर प्रमुखता से सामने आई। बताया जाता है कि इन खबरों और जनदबाव का सीधा असर प्रशासन पर पड़ा। इसके बाद स्थानांतरण नीति के तहत ग्राम पंचायत तलवापारा में रामभजन तिग्गा को सचिव के रूप में भेजा गया। नवनियुक्त सचिव रामभजन तिग्गा ने पदस्थापना के साथ ही तत्काल प्रभाव से अपना पदभार ग्रहण कर लिया। इससे पंचायत कार्यों के पुनः पटरी पर आने की उम्मीद जगी है। सूत्रों के अनुसार, इससे पूर्व जनपद स्तर पर जिला अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी की जा रही थी, लेकिन अंततः जिला प्रशासन के उच्च अधिकारियों द्वारा स्थानांतरण नीति का कड़ाई से पालन कराने हेतु अंतिम आदेश जारी किया गया। इसी आदेश के बाद ग्राम पंचायत तलवापारा में सचिव ने तत्काल पदभार ग्रहण किया।
ग्रामीणों का कहना है कि यह घटनाक्रम दर्शाता है कि जनहित से जुड़ी निष्पक्ष और तथ्यपरक खबरों का प्रशासन पर सकारात्मक असर पड़ता है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर तिरंगा फहराने के साथ ही पंचायत को नया सचिव मिलना ग्रामीणों के लिए दोहरी खुशी का कारण बना और क्षेत्र में सुचारु प्रशासन की नई उम्मीद भेजी।
