कोरिया। शिवपुर चर्चा नगर पालिका क्षेत्र के बीचों-बीच स्थित श्रमवीर स्टेडियम इन दिनों बदहाली की मार झेल रहा है। कभी खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा यह मैदान अब गंदगी, अव्यवस्था और लापरवाही की तस्वीर बनकर उभर रहा है। स्टेडियम परिसर में चारों ओर कचरे का अंबार लगा हुआ है, प्लास्टिक, गंदगी और टूटे सामान से मैदान भर गया है। स्थिति इतनी विकट हो चुकी है कि जगह-जगह शराब की खाली बोतलें और डिस्पोज़ल पड़े हुए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम ढलते ही असामाजिक तत्व यहां जमावड़ा लगाकर शराबखोरी करते हैं, जिससे न सिर्फ माहौल बिगड़ता है बल्कि पूरी रात गंदगी फैलाकर चले जाते हैं। स्टेडियम के अंदर खुलेआम हो रही इन गतिविधियों से खेल प्रेमियों और क्षेत्र के नागरिकों में भारी आक्रोश है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि मैदान में घूम रहे मवेशी प्लास्टिक और पन्नी खाते नजर आते हैं, जो न सिर्फ पशुओं के लिए खतरनाक है बल्कि नगर पालिका की सफाई व्यवस्था की पोल भी खोल देता है। नागरिकों का आरोप है कि नगर पालिका की ओर से न तो नियमित सफाई की जा रही है और न ही असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए कोई निगरानी।
लोगों का कहना है कि बार–बार शिकायतों के बावजूद हालात जस के तस हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि नगर पालिका की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है। शहर का प्रमुख स्टेडियम कचरे का ढेर बनता जा रहा है और जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठा है।




Social Plugin