गर्मी में प्यासे लोग, सड़कों पर बहता पानी… बैकुंठपुर में लापरवाही का ‘लीक’ सिस्टम!

 

गर्मी के इस भीषण दौर में जहां एक-एक बूंद पानी के लिए लोग तरस रहे हैं, वहीं बैकुंठपुर नगर पालिका क्षेत्र में लापरवाही की ऐसी तस्वीर सामने आई है जो सिस्टम पर बड़े सवाल खड़े करती है।

बैकुंठपुर के इंटकवेल खुटनपारा के सामने पिछले कई हफ्तों से पाइपलाइन फूटी हुई है... और इस वजह से हजारों लीटर पानी रोज़ाना सड़कों पर बहकर बर्बाद हो रहा है। एक तरफ हालात ये हैं कि लोगों को गर्मी में महज 10 मिनट ही नल से पानी मिल पा रहा है... वहीं दूसरी तरफ यही पानी बिना किसी रोक-टोक के सड़क पर बह रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार इस समस्या की शिकायत की, लेकिन नगर पालिका द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। दरअसल, शहर में कई जगह पाइपलाइन टूटने की समस्या आम हो गई है, लेकिन समय पर मरम्मत न होने की वजह से आधे से ज्यादा पानी यूं ही बर्बाद हो जाता है।

ऐसे में सवाल ये उठता है कि जब पानी की इतनी किल्लत है, तो आखिर इस तरह की लापरवाही क्यों? और जिम्मेदार कब जागेंगे?