कोरिया। बैकुंठपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत सचिवों के तबादले को लेकर गंभीर प्रशासनिक लापरवाही सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार जनपद पंचायत क्षेत्र में 3 नवंबर को तीन ग्राम पंचायत सचिवों का स्थानांतरण किया गया था, लेकिन ढाई माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद इन सचिवों द्वारा अब तक अपने नवीन पदस्थापन स्थल पर पदभार ग्रहण नहीं किया गया है। यह स्थिति शासकीय नियमों की खुली अवहेलना को दर्शाती है। प्रचलित शासकीय नियमों के अनुसार किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को स्थानांतरण आदेश जारी होने के सात दिवस के भीतर अपने नवीन पद पर पदभार ग्रहण करना अनिवार्य होता है। यदि निर्धारित समय-सीमा में पदभार ग्रहण नहीं किया जाता है तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई का प्रावधान है। इसके बावजूद बैकुंठपुर जनपद पंचायत में नियम केवल कागजों तक सीमित नजर आ रहे हैं। स्थानीय सूत्रों का कहना है कि यह पूरा मामला जनपद पंचायत अधिकारी की मनमर्जी और संरक्षण के चलते लटका हुआ है। आरोप है कि जनपद पंचायत अधिकारी जानबूझकर कार्रवाई नहीं कर रहे हैं, जिससे तीनों ग्राम पंचायतों में प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहा है। पंचायत स्तर पर विकास कार्य, योजनाओं का क्रियान्वयन और जनहित से जुड़े कार्य सचिव के अभाव में ठप पड़े हैं, जिसका सीधा नुकसान ग्रामीणों को उठाना पड़ रहा है।
सूत्रों के अनुसार जिलाधिकारी द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि यदि संबंधित सचिव दो दिनों के भीतर पदभार ग्रहण नहीं करते हैं तो उनके विरुद्ध विधिवत कार्रवाई दर्ज की जाए। हैरानी की बात यह है कि जिला प्रशासन के इन निर्देशों को भी जनपद पंचायत स्तर पर गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। इससे यह सवाल उठने लगे हैं कि आखिर जनपद पंचायत अधिकारी किसके संरक्षण में नियमों को ताक पर रखे हुए हैं।
मामले को और गंभीर बनाते हुए कुछ सूत्रों ने यह भी आरोप लगाया है कि जनपद पंचायत अधिकारी द्वारा शासकीय वाहन का निजी उपयोग लगातार किया जा रहा है, जो शासकीय नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। इस संबंध में सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत जानकारी भी मांगी गई है।
अब देखना यह होगा कि जनपद पंचायत अधिकारी आरटीआई के तहत मांगी गई जानकारी समय पर उपलब्ध कराते हैं या फिर पूर्व की तरह आवेदक को नजरअंदाज कर मामले को दबाने का प्रयास किया जाता है। यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो यह मामला जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।


