सड़क सुरक्षा सप्ताह के बीच चेर मुक्तिधाम में हादसा, एक की मौत

 

कोरिया जिले में एक बार फिर दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। जगतपुर क्षेत्र में ट्रैक्टर की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका भाई घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत बार बांध, जगतपुर निवासी दो भाई प्रेम सिंह और बाबू सिंह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चेर मुक्तिधाम के पास पुल में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में 30 वर्षीय बाबू सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं प्रेम सिंह को हल्की चोटें आई हैं। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गौर करने वाली बात यह है कि एक तरफ जिले में सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। कल ही दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में मौत की घटनाएँ सामने आई थीं, और आज फिर एक युवक की जान चली जाना कई गंभीर सवाल खड़े करता है।

लगातार हो रहे सड़क हादसे न सिर्फ यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं, बल्कि यह भी सोचने पर मजबूर करते हैं कि क्या सड़क सुरक्षा सप्ताह सिर्फ औपचारिकता बनकर रह गया है?