हमाली भुगतान अटका, आदिवासी अध्यक्ष नियुक्ति भी लंबित — 5 दिन में समाधान नहीं तो चक्का जाम की चेतावनी

 

बैकुंठपुर। किसानों के हमाली भुगतान और सहकारी समितियों में आदिवासी अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर अब मामला गर्माता जा रहा है। **कोया पुनेम गोंडवाना महासभा, जिला कोरिया (छत्तीसगढ़) ने सहायक पंजीयक, सहकारी संस्थाएं बैकुंठपुर को ज्ञापन सौंपकर प्रशासन को 5 दिन का अल्टीमेटम दिया है।

महासभा के जिला अध्यक्ष रमेश सिंह टेकाम के नेतृत्व में सौंपे गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि शासन स्तर पर आश्वासन मिलने के बावजूद जमीनी कार्रवाई अब तक नहीं हुई है।

ज्ञापन के अनुसार, अपर कलेक्टर कोरिया और तहसीलदार बैकुंठपुर ने किसानों को हमाली भुगतान सुनिश्चित करने और सहकारी समितियों में हमाली दर का बोर्ड लगाने के निर्देश दिए थे। लेकिन न तो दर सूची सार्वजनिक की गई और न ही किसानों को उनका बकाया भुगतान मिला। इससे किसानों में नाराज़गी और असंतोष बढ़ता जा रहा है।

मामले का दूसरा बड़ा मुद्दा सहकारी समितियों में आदिवासी अध्यक्षों की नियुक्ति का है। महासभा ने दावा किया है कि छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने आदिम जाति सेवा सहकारी समितियों में आदिवासी वर्ग से अध्यक्ष नियुक्त करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद अब तक नियुक्तियाँ नहीं की गईं, जिसे न्यायालय आदेश की अवहेलना बताया गया है।

महासभा ने साफ चेतावनी दी है कि यदि 5 दिनों के भीतर दोनों मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो किसान और आदिवासी समाज सड़क पर उतरकर चक्का जाम आंदोलन करेंगे। संगठन का कहना है कि आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने